Breaking News
VSK Foundation Jaipur Logo - विश्व संवाद केंद्र जयपुर
विश्व संवाद केंद्र, जयपुर ( VSK Foundation Jaipur )

विरोधी भी संघ से सीख सकते हैं

By अवधेश कुमार November 15, 2026
लेख
विरोधी भी संघ से सीख सकते हैं
देश में एसआईआर, चुनाव आयोग चुनाव आदि पर चल रहे राजनीतिक बवंडर के बीच भी नवंबर के पहले सप्ताह में इंदौर के दिल्ली कॉलेज में संपन्न राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक ने अगर मीडिया में प्रमुख स्थान पाया तो इससे इसके महत्व का पता चलता है। देशभर से संघ और उससे प्रेरित संगठनों के 408 प्रमुख पदाधिकारीयों की उपस्थिति में संपन्न बैठक का महत्व अपने-आप है। हालांकि आरंभ होने के पहले मीडिया में यूजीसी विनियमन, जेन जी आंदोलन आदि पर संघ के विचार को मीडिया के एक बड़े वर्ग द्वारा सुर्खियां बनाने का प्रयास किया गया। ऐसा नहीं कि संघ इनके बारे में सोचता नहीं हो। इससे जुड़े प्रश्नों का उत्तर देते हुए बैठक आरंभ होने के पहले संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने स्पष्ट कहा कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा जारी समानता विनियम सर्कुलर असंतुलित था, न्यायालय ने भी इस पर रोक लगाई है और सरकार भी मामले को देख रही है। संघ मानता है और सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए। इसके साथ उनकी यह टिप्पणी महत्वपूर्ण थी कि समाज इतना कमजोर नहीं है कि किसी एक सर्कुलर से हिल जाए। समाज को एकजुट रहना चाहिए। वस्तुत: इस नियमन से समाज में जातीय तनाव को बढ़ाने का प्रयास करने वालों ने अपनी ओर से कुछ भी नहीं छोड़ा। इसी तरह जेन जी के आंदोलनों पर आंबेकर ने कहा कि देश में कोई आवाज उठाता है तो संघ को पक्ष-विपक्ष के दृष्टिकोण से क्यों देखा जाता है। सभी को ध्यान रखना चाहिए कि आंदोलन देशहित में हो। संघ इसका ध्यान रखता है और आगे भी रखेगा। वास्तव में जैसा आंबेकर ने बता दिया था कि बैठक में शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा, संगठन विस्तार, संगठन के नए ढांचे, राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता, डिजिटल प्रभाव, युवा सहभागिता और नशामुक्त भारत जैसे विषयों पर चर्चा के साथ भविष्य के अभियानों और कार्ययोजना पर भी मंथन होगा। डॉ. मोहन भागवत के अगस्त-सितंबर में हुए अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन के प्रवास पर भी चर्चा होगी। बाद में बैठक समाप्त होने से पहले सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने पत्रकारों से बातचीत में जितनी जानकारी दी या प्रश्नों का उत्तर दिया वह पूरे देश को जानना चाहिए। उनके अनुसार बैठक में शताब्दी वर्ष में संघ ने देशभर में जिन सज्जन व्यक्तियों से संपर्क किया उन्हें संगठन की गतिविधियों से जोड़ने और उनसे संघ को मिल रहे सहयोग की समीक्षा हुई है। उनके अनुसार शताब्दी वर्ष में निश्चित पंच परिवर्तनों - यानी सामाजिक समरसता, कुटुम्ब प्रबोधन, पर्यावरण, स्व बोध व स्वदेशी और नागरिक अनुशासन को लेकर लगभग 10 करोड़ से अधिक घरों तक संपर्क हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों में 65 हजार 664 और शहरों में 28 हजार 584 हिंदू सम्मेलन हुए जिनमें लगभग 5 करोड़ लोगों की भागीदारी हुई। अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख और पोर्ट ब्लेयर में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 13 छोटे द्वीपों से भी लोगों ने हिस्सा लिया। युवाओं के साथ 21 हजार 237 स्थानों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अनुसार युवाओं के बीच कुल 57 हजार कार्यक्रम हुए। कुछ लोग इन आंकड़ों पर प्रश्न भी उठा सकते हैं। कारण, दूसरे संगठन 10 करोड़ से अधिक घरों तक पहुंचने और लगभग 94 हजार हिंदू सम्मेलन तथा युवाओं के बीच 57 हजार कार्यक्रम करने की कल्पना भी नहीं कर सकते। किसी संगठन के शताब्दी वर्ष में सामान्यतया कुछ कार्यक्रम या कुछ मार्च आदि हो जाते हैं। संघ ने समाज से जुड़े पंच परिवर्तनों को लेकर अभियान चलाये और उसमें जितना संपर्क हुआ, संघ की बात पहुंची उन सबका असर तो समाज पर हुआ ही होगा। ऐसा भी नहीं है कि यह अभियान यहीं रुक गया। इस बीच नए गांवों और बस्तियों में एक सप्ताह से 10 दिन तक शाखाएं लगाने के प्रयास किए गए। आंकड़ों के अनुसार 63 हजार 208 स्थानों पर शाखाएं संचालित हो रही हैं जिनमें करीब 8 हजार नए स्थान जुड़े हैं। इस समय कुल शाखाओं की संख्या 99 हजार 423 है। इनमें 12 हजार से अधिक नई शाखाएं शुरू हुई हैं। इसके अलावा 14 हजार 96 स्थानों पर मासिक मिलन आयोजित किए जा रहे हैं। संघ को जड़ संगठन मानने वाले नहीं जानते कि वह अपने कार्यक्रमों , संगठन का ढांचा आदि की समीक्षा कर समय अनुरुप बदलाव करता रहता है। जैसा होसाबोले ने बताया संघ नई संगठनात्मक रचना कर रहा है। इसके अंतर्गत वर्तमान 46 प्रांतों की जगह 88 संभाग बनाए जा रहे हैं। अगले वर्ष मार्च में होने वाली अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा से पहले संगठन का नया ढांचा तैयार कर लिया जाएगा। इसके अनुरूप जिला, विभाग, प्रांत, क्षेत्र और अखिल भारतीय स्तर पर चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। संघ अपने कार्य की दृष्टि से इस तरह भौगोलिक रचना के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने के लिए समय-समय पर कदम उठाता रहा है। आप जितनी भी आलोचना करिए यह सब सतत जागरूक और समय के अनुरूप मूल विचार और व्यवहार को बनाए रखते हुए परिवर्तन वाले संगठन का ही प्रमाण है। इसीलिए संघ के विरोधियों में भी थोड़ा विवेक रखने वाले सुझाव देते हैं कि केवल मीडिया में सुर्खियां बनने या कुछ विषयों पर तूफान खड़ा करने, एक दूसरे की आलोचना की जगह संघ से समाज के बीच जाकर काम करने की सीख लेनी चाहिए। होसबाले की पत्रकार वार्ता में संघ की सेवा कार्यों की भी चर्चा हुई। इसके अनुसार अलग अलग हिस्सों में आई प्राकृतिक आपदाओं के दौरान संघ के स्वयंसेवकों ने सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर राहत कार्य किए। उदाहरण के लिए असम में मई- जून बाढ़ से 805 गांवों के करीब 67 हजार परिवार प्रभावित हुए थे। उसमें 1600 से अधिक स्वयंसेवकों ने 42 हजार परिवारों तक दवाइयां और राशन पहुंचाया। ओडिशा और आंध्र प्रदेश में आए चक्रवात के दौरान बिजली के खंभे लगवाने के साथ भोजन और पानी की व्यवस्था में भी स्वयंसेवकों ने सहयोग किया। अन्य आवश्यक सामाजिक विषयों की ओर आयें तो इस समय संपूर्ण देश नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से परेशान है। बैठक में इस पर सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाने, नशे की लत से प्रभावित लोगों की काउंसलिंग कराने और समाज में इसके दुष्परिणामों को लेकर जागरूकता बढ़ाने जैसे अभियान चलाने की तैयारी की योजना बनी है। दूसरे, बच्चों और युवाओं तक पहुंच रहे आपत्तिजनक डिजिटल कंटेंट इस समय भारत ही नहीं संपूर्ण दुनिया की चिंता का विषय है। बैठक में संघ ने इस पर भी काम करने का निर्णय लिया और जैसा होसाबोले ने बताया कुछ देशों में 13 वर्ष तक के बच्चों के लिए नियम बनाए गए हैं। उन्होंने कहा भी कि सरकार इस विषय पर निर्णय ले सकती है लेकिन संघ की प्रकृति के अनुरूप संगठन का मत था कि केवल कानून के जरिए समस्या का समाधान संभव नहीं है। तो? इसके लिए समग्र व्यवस्था करनी होगी जिसमें बच्चों को घर और विद्यालय में संस्कार देना, उनके सामने बड़ों का अच्छा उदाहरण रखना , परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर सकारात्मक विषयों पर चर्चा करना, मंदिरों में बच्चों के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित करना और मोबाइल या अन्य डिजिटल डिवाइस के प्रयोग की आयु व समय तय करना आवश्यक है। इसी तरह जेन जी के प्रश्नों पर उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ संवाद कर उनकी आकांक्षाओं और समस्याओं को समझना आवश्यक है। हां, हिंसा और अराजकता का विरोध होना चाहिए लेकिन युवा का कोई मुद्दा उठाना अपने- आपमें विरोध नहीं है। संघ युवाओं से संवाद और उनकी प्रतिभा, कौशल तथा सेवा भावना को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के पक्ष में है लेकिन इसके लिए समाज के अच्छे विचार वाले लोगों को निष्क्रिय नहीं रहना होगा बल्कि सामने आना होगा। यानी युवाओं के संस्कार और उनका व्यवहार पूरे समाज का विषय है केवल राजनीति सरकार या विरोधी पक्ष का नहीं। कोई भी संगठन अगर इतने व्यापक रूप से काम करते हुए समाज के बीच समाधान के लिए जाएंगे , उनकी समस्याओं के समाधान में सहभागी होंगे, संकट के समय साथ खड़े होंगे और जो पूरे समाज और राष्ट्र की चिंता का विषय हैं उन पर अपनी शक्ति के अनुसार सकारात्मक दृष्टि से काम करेंगे तो चाहे आप बाहर जितना विरोध करिए समाज के भीतर शांथ तरीके से उसका समर्थन भी व्यापक होता जाएगा। यही संघ के साथ हुआ है। इस पत्रकार वार्ता में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रश्न पूछे गए। सरकार्यवाह ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तो भारत में काम करता है लेकिन विश्व के अनेक देशों में स्वयंसेवक हैं और वहां भी मांग हुई तो उस देश के प्रति निष्ठा रखते हुए स्वयंसेवक अलग-अलग तरह से संगठन खड़ा कर रहे हैं, काम कर रहे हैं। लेकिन देश में और अब बाहर भी ऐसे लोगों की बड़ी संख्या है जिन्होंने संघ को लेकर अपनी घृणा और विरोध उस मानसिक अवस्था तक पहुंचा दिया है जहां वे शांत भाव से कुछ समझने और सीखने के लिए तैयार ही नहीं हो सकते। संघ का ढांचा ऐसा है जिसमें विरोध करने वालों का उत्तर देने या उनका विरोधी मानने की जगह उन‌ सबसे अप्रभावित रहकर शांत भाव से लगातार समाज में काम करते रहना है।

Related Articles

तुम्हारी आस्था का कोई मूल्य नहीं, क्योंकि तुम हिन्दू हो?

हिन्दू धार्मिक स्थलों, परंपराओं और आस्थाओं से जुड़े विवाद आखिर कब तक? बहुसंख्यक समाज को अपनी सांस्कृतिक अस्मिता और अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा

Nov 25, 2026

सड़क कोई न्यायालय नहीं है

क्या यही नया चलन बनने जा रहा है कि जो भी राजधानी को ठप कर सके, वही हमारी संस्थाओं की शर्तें तय करे?

Nov 20, 2026

आंवला नवमी : पेड़ की छांव में छिपा है सर्दियों से लड़ने का आयुर्वेदिक विज्ञान

आंवला है प्रकृति का अमूल्य उपहार, च्यवनप्राश है आयुर्वेद का अनुपम रसायन

Nov 18, 2026

भगवान बिरसा मुंडा : स्वधर्म, स्वाभिमान और स्वाधिकार के अमर उद्घोषक

अंग्रेजी सत्ता, शोषण और सांस्कृतिक विस्मृति के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित करने वाले बिरसा मुंडा ने धर्म-जागरण को सामाजिक सुधार और अधिकारों के संघर्ष से जोड़ा। उनका जीवन केवल एक राजनीतिक विद्रोह की कथा नहीं, बल्कि अपनी परंपरा, प्रकृति और अस्मिता के प्रति जागृत समाज के निर्माण का प्रेरक अध्याय है।

Nov 15, 2026