Breaking News
VSK Foundation Jaipur Logo - विश्व संवाद केंद्र जयपुर
विश्व संवाद केंद्र, जयपुर ( VSK Foundation Jaipur )

अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के राजस्थान क्षेत्र की दो दिवसीय बैठक संपन्न

अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुँचाने के संकल्प के साथ आगामी कार्ययोजना पर हुआ मंथन

By चंद्रशेखर July 13, 2026
समाचार › संघ व विविध संगठन
अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के राजस्थान क्षेत्र की दो दिवसीय बैठक संपन्न
जयपुर, 13 जुलाई। अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद (ABAP) के राजस्थान क्षेत्र की दो दिवसीय बैठक रविवार को जयपुर स्थित अधिवक्ता भवन में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों सहित जयपुर, जोधपुर एवं चित्तौड़गढ़ प्रांतों के पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा आगामी वर्ष की कार्ययोजना, संगठन विस्तार और समाजोन्मुखी गतिविधियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक में उत्तर क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्रीहरि बोरिकर तथा संगठन के संयुक्त महामंत्री रणबीर सिंह खरकाली ने जयपुर, जोधपुर एवं चित्तौड़गढ़ प्रांत के अध्यक्षों, महामंत्रियों एवं कोषाध्यक्षों से संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा की। साथ ही आगामी वर्ष में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में राष्ट्रीय मंत्री कमल परसवाल भी उपस्थित रहे। अपने मार्गदर्शन में श्रीहरि बोरिकर ने परिषद के विभिन्न आयामों एवं गतिविधियों पर उदाहरण सहित प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता परिषद का मूल ध्येय "न्याय मम धर्मः" की भावना को व्यवहार में उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुँचाने का है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे केवल संगठनात्मक कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर समाज की समस्याओं के समाधान में सक्रिय सहयोगी बनने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता का दायित्व केवल न्यायालय तक सीमित नहीं, बल्कि समाज में न्याय के प्रति विश्वास और संवेदनशीलता विकसित करना भी है। जयपुर प्रांत के महामंत्री अभिषेक सिंह ने जानकारी दी कि परिषद की अगली क्षेत्रीय बैठक लगभग चार माह बाद जोधपुर प्रांत के आतिथ्य में माउंट आबू में आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि आगामी 4 से 6 दिसंबर तक राजस्थान में विभिन्न वैचारिक संगठनों के सामूहिक प्रयास से राष्ट्रीय स्तर के 'लोकमंथन' कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष की थीम "हम भारत के लोग" (We the People of India) निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय आयोजन में अधिक से अधिक अधिवक्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक जिला न्यायालय इकाई में संपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा विषय आधारित बैठकें आयोजित की जाएंगी। स्थानीय इकाइयों के सहयोग से जनजागरण एवं बौद्धिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिवक्ता समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके। बैठक के समापन पर कार्यकर्ताओं ने संगठन को अधिक सशक्त एवं समाजोपयोगी बनाने, न्याय के प्रति जनविश्वास को सुदृढ़ करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की भावना पहुँचाने के संकल्प के साथ आगामी योजनाओं को क्रियान्वित करने का निर्णय लिया।

Related Articles

गुरु का संकल्प ही दुनिया बदलता आया है : बाबूलाल

गुरु पूर्णिमा पर 'गुरु वंदन कार्यक्रम' में बोले प्रांत प्रचारक, शिक्षकों को बताया राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति

Jul 28, 2026

उदयपुर में सेवा भारती प्राकृतिक आरोग्य केन्द्र का भैयाजी जोशी ने किया लोकार्पण

कहा — परिस्थितियों के अनुरूप विकसित हों चिकित्सा व्यवस्थाएं

Jul 16, 2026