स्वदेशी के स्तर पर भारत के लोगों को ललकारता ग्लोबल टाइम्स
दीपावली आने वाली है। चीनी लाइटें इस बार भी कई घरों और सड़कों को रोशन करेंगी, लेकिन प्रश्न यह है कि भारतीय उद्योग और नीति इस मैन्युफैक्चरिंग टेस्ट का उत्तर कैसे देती है।
By
वीएसके डेस्क
November 04, 2026
लेख › वैश्विक राजनीति
दीपावली की तैयारियों के बीच जब भारतीय बाज़ारों में चीनी सजावटी लाइटें और एलईडी स्ट्रिंग्स फिर से छा गईं, तो चीन के सरकारी मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स ने एक तीखा लेख लिखकर भारतीय मैन्युफैक्चरिंग और स्वदेशी भावना दोनों पर सवाल खड़े कर दिए। लेख का सार यह था कि केवल देशभक्ति के नाम पर ग्राहक नहीं टिकते। कीमत, विविधता, समय पर डिलीवरी और लागत नियंत्रण से ऑर्डर मिलते हैं। जहां भारतीय उत्पादक ये देते हैं, वहां उन्हें ऑर्डर मिलते हैं; जहां नहीं देते, वहां आयात कमी पूरी करते हैं। बाज़ार इसी तरह काम करते हैं।
इस टिप्पणी को यदि गहराई से देखें तो इसके पीछे भारत-चीन व्यापार का वह बड़ा असंतुलन का मौजूद होना है, जिसमें वित्त वर्ष 2025-26 में द्विपक्षीय व्यापार करीब 151 अरब डॉलर पहुंच चुका था और भारत का व्यापार घाटा रिकॉर्ड लगभग 112 अरब डॉलर तक जा पहुंचा था। भारत का चीन को निर्यात करीब 19.47 अरब डॉलर रहा, जबकि आयात 131 अरब डॉलर से अधिक। चीन भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बन चुका है। कैलेंडर वर्ष 2026 के पहले नौ महीनों में भी घाटा 105 अरब डॉलर के पार निकल चुका है, जबकि भारतीय निर्यात में 40 प्रतिशत से अधिक वृद्धि के बावजूद आयात का आधार इतना बड़ा था कि अंतर और चौड़ा होता जा रहा है।
बाजार की जमीनी तस्वीर
बाजार में कीमतें इस साल 20 से 25 प्रतिशत बढ़ीं। तांबे के तार और प्लास्टिक की लागत बढ़ने से भारतीय और चीनी दोनों लाइटें महंगी हुईं। फिर भी चीनी 10 मीटर एलईडी स्ट्रिंग लाइटें करीब 100 रुपये या उससे कम में उपलब्ध रहीं, जबकि समान भारतीय उत्पाद लगभग दोगुनी कीमत के। चीनी लाइटों में कॉपर कंटेंट कम होने से वे सस्ती रहीं। स्थानीय रिपोर्टों ने यह दर्ज किया कि मांग बंटी हुई है, लेकिन चीनी उत्पाद उपलब्धता और कीमत के कारण लोकप्रिय बने हुए हैं। कुछ व्यापारी कहते हैं कि “मेड इन इंडिया” लाइटें बेहतर गुणवत्ता और टिकाऊपन के दावे के साथ जगह बना रही हैं, लेकिन कई मामलों में बल्ब या अन्य कंपोनेंट्स चीन से आकर भारत में असेंबल होते हैं। दिल्ली के भागीरथ पैलेस जैसे थोक बाजारों में चीनी सामान की भरमार जारी है। कई व्यापारी स्वीकार करते हैं कि हर साल “बॉयकॉट” की बात होती है, लेकिन सामान बिक जाता है।
ग्लोबल टाइम्स ने अपने लेख में झेजियांग प्रांत के यिवू का जिक्र किया, जिसे “दुनिया का सबसे बड़ा सुपरमार्केट” कहा जाता है। वहां के निर्माताओं को भारत से सजावटी लाइटिंग और एलईडी स्ट्रिंग्स के स्थिर ऑर्डर मिल रहे हैं। वे भारतीय मांग के अनुरूप और विविध, कस्टमाइज्ड उत्पाद तैयार कर रहे हैं। मौसमी सामान की खासियत यह है कि समय बहुत कम होता है। आयातकों और थोक विक्रेताओं को डिज़ाइन में विविध, कीमत में प्रतिस्पर्धी और शेल्फ खाली होने से पहले डिलीवरी चाहिए। मौका चूकने पर सीजन चला जाता है। इस सिकुड़े चक्र में चीन की आपूर्ति क्षमता इकोनॉमिक स्केल, प्रोडक्ट रेंज, फ्लेक्सिबिलिटी और पूरी औद्योगिक श्रृंखला भारत के बड़े उपभोक्ता बाजार से टकराती है।
पीयूष गोयल की बात और सीमाएं
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने हाल ही में चीनी आयातों, खासकर पटाखों और त्योहारी सामान पर सवाल का जवाब देते हुए कहा कि “चीनी पटाखों से बचने का फैसला दिल से आना चाहिए। हमें मेड इन इंडिया उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए, लेकिन लोगों पर जबरदस्ती नहीं की जा सकती। जो टैक्स चुकाकर सामान लाता है, उसे अनुमति देनी ही होगी। भारत लोकतंत्र है और अंतरराष्ट्रीय व्यापार नियमों का पालन करता है।” उन्होंने जापान और दक्षिण कोरिया का उदाहरण दिया, जहां राष्ट्रीय भावना और उपभोक्ताओं की अपनी पसंद से बदलाव आता है। गोयल की यह टिप्पणी संतुलित मानी गई, घरेलू प्राथमिकता को मान्यता दी गई, लेकिन जबरदस्ती या नियमों के खिलाफ जाकर आयात बंद करने से इनकार किया गया।
ग्लोबल टाइम्स ने इसी बात को पकड़ लिया। उसने तर्क दिया कि आयात अर्थव्यवस्था के दुश्मन नहीं हैं। ये वितरकों की लागत कम करते हैं, उपभोक्ताओं को ज्यादा विकल्प देते हैं और घरेलू उत्पादकों पर प्रतिस्पर्धा का दबाव बनाते हैं, जिससे उन्नयन संभव होता है। भारतीय कंपनियां सिर्फ देशभक्ति के नाम पर ग्राहकों को आकर्षित नहीं कर सकतीं। उन्हें असॉर्टमेंट, समय पर डिलीवरी और ऐसी कीमतों पर जीतना होगा, जिनमें कोई “देशभक्ति प्रीमियम” न हो। लेख ने लिखा कि चीन की प्रतिस्पर्धी बढ़त घने औद्योगिक क्लस्टर, लगातार डिज़ाइन बदलने और सख्त लागत नियंत्रण से आती है। ये क्षमताएं खुली प्रतिस्पर्धा में बनती हैं, न कि घरेलू बाजार को प्रतिस्पर्धियों से अलग करके।
मैन्युफैक्चरिंग का असली टेस्ट
यह त्योहारी सामान द्विपक्षीय व्यापार का छोटा हिस्सा है, लेकिन यह भारतीय विनिर्माण के लिए एक सच्चा परीक्षण है। भारत में मेक इन इंडिया, प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) जैसी योजनाएं चल रही हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन में वृद्धि हुई है, कुछ क्षेत्रों में असेंबली बढ़ी है, लेकिन एलईडी लाइटिंग, सजावटी सामान और कई अन्य श्रेणियों में पूर्ण औद्योगिक श्रृंखला अभी नहीं बन पाई है। महत्वपूर्ण कंपोनेंट्स जैसे कि एलईडी चिप्स, ड्राइवर्स, कनेक्टर्स, कुछ प्लास्टिक और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स इत्यादि अभी भी बड़े पैमाने पर आयातित हैं।
चीन के यिवू, गुआंगडोंग और झेजियांग जैसे क्लस्टरों में कच्चा माल, डिजाइन, उत्पादन, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक्स एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। छोटे ऑर्डर से लेकर बड़े वॉल्यूम तक फ्लेक्सिबिलिटी है। लागत नियंत्रण सख्त है। भारतीय उत्पादकों के सामने श्रम, भूमि, बिजली, कर और आपूर्ति श्रृंखला की ऊंची लागत की चुनौती रहती है। कई छोटे और मध्यम निर्माता गोदामों को आयातित सामान का स्टॉक रखने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, क्योंकि घरेलू मांग कमजोर पड़ जाती है।
भारतीय उपभोक्ता कीमत के प्रति संवेदनशील है। परिवार बेहतर त्योहार मनाना चाहते हैं, लेकिन बजट बढ़ाए बिना। जब चीनी लाइट 100 रुपये में मिलती है और भारतीय दोगुनी कीमत की होती है, तो वॉलेट से वोट कीमत और उपलब्धता के पक्ष में जाता है। कुछ व्यापारी और रिपोर्टें बताती हैं कि भारतीय लाइटें गुणवत्ता और टिकाऊपन में सुधार कर रही हैं और कुछ सेगमेंट में जगह बना रही हैं, लेकिन स्केल, विविधता और कीमत में अभी फासला है। आधिकारिक आंकड़े दीपावली-विशिष्ट आयात पर सीमित हैं। ऐसे में व्यापक एलईडी और सजावटी सामान के आयात का रुख यही दर्शाता है कि चीन का दबदबा जारी है।
नीति और वास्तविकता के बीच का अंतर
भारत चीन के साथ व्यापार घाटे को लेकर लंबे समय से चिंतित है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल ही में चीन के गैर-शुल्क बाधाओं को द्विपक्षीय व्यापार की सबसे बड़ी रुकावट बताया। भारतीय निर्यातकों को चीन में बाजार पहुंच मुश्किल होती है, जबकि आयात बढ़ते रहते हैं। गोयल ने भी कहा है कि भारत चीन और आसियान को निर्यात बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है और भारत को प्रमुख निर्यातक बनने की उम्मीद है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि मशीनरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, रसायन, बैटरी और इंटरमीडिएट गुड्स के आयात पर निर्भरता गहरी है। ये कई भारतीय विनिर्माण इकाइयों के लिए जरूरी इनपुट हैं। आयात बंद करने से अल्पकाल में कुछ सुरक्षा मिल सकती है, लेकिन दीर्घकाल में औद्योगिक इकोसिस्टम नहीं बनता, जो असेंबली को वास्तविक क्षमता में बदलता है।
ग्लोबल टाइम्स का लेख इस बात को रेखांकित करता है कि स्वदेशी का नारा तब प्रभावी होता है, जब घरेलू उत्पाद कीमत, गुणवत्ता और उपलब्धता में प्रतिस्पर्धी हों। जापान और कोरिया का उदाहरण अक्सर दिया जाता है, जहां उपभोक्ता घरेलू उत्पादों को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन उन देशों में भी यह प्राथमिकता उत्पाद की प्रतिस्पर्धात्मकता के साथ जुड़ी रही। भारत में उपभोक्ता अभी भी कीमत और विकल्प को देखता है। राजनीतिक भावना और बाज़ार का तर्क जब टकराते हैं, तो बाज़ार अक्सर अपनी राह चुन लेता है। वह जीतता हुआ दिखाई देता है। अक्सर स्वदेशी का भाव ह्दय में होने के बाद भी परिणाम में नहीं बदल पाता!
ऐसे में जरूरी यह हो गया है कि हम भारतीय मैन्युफैक्चरिंग को खुले बाजार, अधिक प्रतिस्पर्धा और ऐसे नीतिगत माहौल को दें, जोकि उसकी जरूरत है, जिसमें स्थानीय फर्म ग्लोबल सप्लाई चेन से जुड़ सकें और विदेशी निवेश आकर्षित हो। लागत कम करने, क्लस्टर विकसित करने, कंपोनेंट्स के स्थानीयकरण, डिजाइन और लॉजिस्टिक्स में सुधार, और स्केल हासिल करने पर ध्यान देना होगा। पीएलआई जैसी योजनाओं को सिर्फ असेंबली तक सीमित न रखकर गहरी मूल्य श्रृंखला तक ले जाना आज की जरूरत है।
दीपावली आने वाली है। चीनी लाइटें इस बार भी कई घरों और सड़कों को रोशन करेंगी, लेकिन प्रश्न यह है कि भारतीय उद्योग और नीति इस मैन्युफैक्चरिंग टेस्ट का उत्तर कैसे देती है। ग्लोबल टाइम्स ने ललकारा है, सिर्फ देशभक्ति के नाम पर नहीं, बल्कि कीमत, विविधता और समय पर आपूर्ति के स्तर पर भी वह बहुत कुछ भारतीयों से कह रहा है। वैसे यह सच भी है, यदि भारतीय कंपनियां इस स्तर पर खड़ी होती हैं, तो ऑर्डर अपने आप आएंगे। अगर नहीं, तो आयात जारी रहेगा। बाजार का यह नियम त्योहार के दीयों के बुझ जाने के बहुत बाद तक लागू रहेगा।