कैसे हो रहा है यूरोप का इस्लामीकरण…!
By
डॉ. मयंक चतुर्वेदी
November 06, 2026
लेख › वैश्विक राजनीति
इक्कीसवीं सदी के तीसरे दशक में यूरोप अपने इतिहास के सबसे बड़े जनसांख्यिकीय, सामाजिक और भू-राजनीतिक संक्रमण काल से गुजर रहा है। मुस्लिम-बहुल देशों से लगातार हो रहे प्रवासन, मुस्लिम समुदायों की उच्च प्रजनन दर और स्थानीय स्तर पर इस्लामी बुनियादी ढांचों के संस्थागत विस्तार ने पूरे महाद्वीप के सामाजिक ताने-बाने को एक नए नीतिगत मोड़ पर खड़ा कर दिया है। इस वृहद बदलाव को लेकर वैश्विक स्तर पर दो दृष्टिकोण सामने आते हैं। एक पक्ष इसे बूढ़े होते यूरोपीय महाद्वीप के लिए एक आवश्यक युवा कार्यबल और बहुसांस्कृतिक विविधता के रूप में देखता है। इसके विपरीत, दूसरा पक्ष इसे यूरोपीय ईसाई पहचान, धर्मनिरपेक्षता और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक सभ्यतागत चुनौती के रूप में देखता है, जिसे जनसांख्यिकीय बहसों में "यूरोप का इस्लामीकरण" नाम दिया गया है।
दरअसल, वर्ष 2026 की हालिया घटनाएं और विभिन्न देशों के आधिकारिक सांख्यिकी विभाग की रिपोर्टें यह प्रमाणित करती हैं कि यह प्रक्रिया अब जमीन पर कानून-व्यवस्था और नीतिगत निर्णयों को प्रभावित करने वाला मुख्य कारक बन चुकी है। इसे अत्यधिक गहराई से देखें तो यूरोप के इस जनसांख्यिकीय बदलाव की गति को समझने के लिए विभिन्न यूरोपीय सांख्यिकीय संस्थानों के डेटा तीन प्रमुख आधार प्रदान करते हैं। जिसमें कि पहला स्तंभ है औसत आयु में भारी अंतर ।
यूरोप की मूल निवासी जनसंख्या तेजी से बूढ़ी हो रही है, जबकि मुस्लिम आबादी का एक बड़ा हिस्सा युवा है। यूरोप में मुसलमानों की मध्यमा आयु लगभग 30.4 वर्ष है, जबकि गैर-मुस्लिम यूरोपीय नागरिकों की मध्यमा आयु 43.8 वर्ष है, जिसका अर्थ है कि आधी से अधिक मुस्लिम आबादी अपने सक्रिय प्रजनन और श्रम काल में है। दूसरा स्तंभ प्रजनन दर का असंतुलन है, जहां एक तरफ गैर-मुस्लिम यूरोपीय महिलाओं की औसत प्रजनन दर महज 1.6 बच्चे प्रति महिला है, वहीं मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर 2.6 बच्चे प्रति महिला दर्ज की गई है।
इसके अलावा तीसरा स्तंभ 2050 के दीर्घकालिक अनुमान हैं; प्यू रिसर्च के जनसांख्यिकीय मॉडल के अनुसार, यदि प्रवासन पूरी तरह रुक भी जाए, तब भी युवा आबादी के कारण 2050 तक यूरोप में मुसलमानों की हिस्सेदारी बढ़कर 7.4 फीसद हो जाएगी। वहीं, मध्यम प्रवासन परिदृश्य में यह 11.2 फीसद और उच्च प्रवासन (शरणार्थियों का निरंतर प्रवाह) की स्थिति में कुल यूरोपीय आबादी में मुस्लिम जनसंख्या का अनुपात 14 फीसद से अधिक होता है।
आयरलैंड और ऑस्ट्रिया: नागरिकता का रिकॉर्ड और बदलता जनसांख्यिकीय ग्राफ
वर्ष 2026 में पश्चिमी और मध्य यूरोप से आए आधिकारिक आंकड़े यह स्पष्ट करते हैं कि महाद्वीप के अलग-अलग देश इस बदलाव के प्रति किस प्रकार भिन्न नीतियां अपना रहे हैं। 17 और 18 सितंबर 2026 को डबलिन के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित छह नागरिकता समारोहों में 5,600 से अधिक लोगों को आयरिश नागरिकता प्रदान की गई। आयरलैंड के केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय (सीएसओ) के आंकड़ों के अनुसार, नागरिकता पाने वाले शीर्ष समूहों में पाकिस्तान (858), भारत (716), सीरिया (425), अफगानिस्तान (311) और सोमालिया (188) शामिल थे, जिनमें से अधिकांश मुस्लिम-बहुल देश हैं। ऐतिहासिक आंकड़ों के अनुसार, साल 2002 में आयरलैंड में मुस्लिम आबादी मात्र 19,000 थी, जो 2022 तक चार गुना से अधिक बढ़कर 81,930 हो गई।
इसी प्रकार, मध्य यूरोपीय देश ऑस्ट्रिया में भी प्रवासन पृष्ठभूमि वाले लोगों को नागरिकता देने की रफ्तार में भारी वृद्धि हुई है। ऑस्ट्रिया सांख्यिकी विभाग के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को जारी आंकड़ों के मुताबिक 2026 की पहली छमाही में 13,700 लोगों को ऑस्ट्रियाई नागरिकता दी गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 17 फीसद अधिक है। नागरिकता पाने वाले नए निवासियों में से लगभग 49 प्रतिशत लोग चार मुस्लिम-बहुल देशों, विशेषकर सीरिया (2,319), तुर्की (1,058), अफगानिस्तान (968) और ईरान (433) से ताल्लुक रखते हैं, जोकि ऑस्ट्रिया की बदलती जनसंख्या संरचना में मुस्लिम प्रवासियों के महत्वपूर्ण योगदान को उजागर करते हैं।
जर्मनी, डेनमार्क और स्वीडन में मुस्लिम आबादी का निरंतर विस्तार
यूरोप की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था जर्मनी और स्कैंडिनेवियाई देशों में मुस्लिम आबादी का आकार अब नीतिगत फैसलों को प्रभावित करने के स्तर पर पहुंच गया है। जर्मनी के संघीय प्रवासन एवं शरणार्थी कार्यालय के अनुसंधान केंद्र (बीएएमएफ-एफजेड) के नए अनुमानों के अनुसार, देश में मुख्य रूप से मुस्लिम देशों से आए प्रवासी पृष्ठभूमि वाले नागरिकों की संख्या 66 लाख से 70 लाख (6.6 to 7 मिलियन) तक पहुंच गई है, जो कुल जर्मनी की जनसंख्या का लगभग 8.0 से 8.5 प्रतिशत हिस्सा है। यह 2019 के आंकड़ों की तुलना में लगभग 16 लाख (18%) की भारी वृद्धि है। इसमें तुर्की मूल के लोगों की संख्या 39.4 फीसद है, जबकि मध्य पूर्वी देशों (सीरिया, इराक) से आने वाले प्रवासियों का अनुपात 2008 के 8.3 से बढ़कर अब 21.7 प्रतिशत हो चुका है।
उत्तरी यूरोप के देश डेनमार्क में एक जनवरी 2026 के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, देश की कुल 60 लाख से अधिक की आबादी में आप्रवासियों और उनके वंशजों की कुल हिस्सेदारी बढ़कर 16.8 प्रतिशत (1,011,036 लोग) हो गई है। इनमें गैर-पश्चिमी मूल के समूहों में एमईएनएपीटी (मध्य पूर्व, उत्तर अफ्रीका, पाना, तुर्की) मूल के लोगों की संख्या 1980 के 27,235 से बढ़कर अब 308,629 हो चुकी है, जिसमें तुर्की मूल का सबसे बड़ा समूह (68,000) है, जिसके बाद सीरिया, इराक और पाकिस्तान आते हैं।
पड़ोसी देश स्वीडन में भी सांख्यिकी स्वीडन (एससीबी) ने दर्ज किया कि 2026 की पहली छमाही में छह प्रमुख मुस्लिम-बहुल देशों (पाकिस्तान, सीरिया, तुर्की, अफगानिस्तान, इराक, ईरान) से आप्रवासन में 11.9 फीसद की वृद्धि हुई है, जिसमें अकेले पाकिस्तान से आने वाले प्रवासियों की संख्या में 928 से 1,415 तक की बढ़त देखी गई।
संस्थागत विस्तार: मस्जिद निर्माण और पब रूपांतरण पर बढ़ता सामाजिक गतिरोध
जैसे-जैसे मुस्लिम आबादी का आकार बढ़ा है, वैसे-वैसे यूरोप के शहरी ढांचों में मस्जिदों, इस्लामी केंद्रों और उनके धार्मिक रूपांतरण को लेकर गंभीर सामाजिक और राजनीतिक टकराव की स्थिति बन गई है। स्पेन के सेविले शहर का 'पोलिगोनो सुर' जिला इसका मुख्य केंद्र बना, जहां 10 जुलाई 2026 को दक्षिणपंथी पार्टी वॉक्स द्वारा कड़ा विरोध दर्ज कराने के बाद नगर परिषद ने एक भव्य मस्जिद और इस्लामी सांस्कृतिक केंद्र के निर्माण की अनुमति को अपनी योजना सूची से वापस ले लिया।
वॉक्स के प्रवक्ताओं ने खुलकर बयान दिया कि वे अपने मोहल्लों का तथाकथित "इस्लामीकरण" बर्दाश्त नहीं करेंगे। बाद में 27 जुलाई 2026 को स्थानीय निवासियों और दक्षिणपंथी समूहों ने निर्माण स्थल के चारों ओर सूअर का मांस फेंककर और "मस्जिद नहीं" के बैनर लगाकर उग्र प्रदर्शन किया, हालांकि इस भारी गतिरोध के बाद अंततः नगर निगम ने निर्माण की अनुमति दे दी।
इसी तरह का एक सांस्कृतिक रूपांतरण का मामला यूनाइटेड किंगडम के नॉर्विच शहर में 12 अगस्त 2026 को सामने आया, जब नॉर्विच मुस्लिम सेंटर (एनएमसी) ने डेरेहम रोड पर स्थित एक ऐतिहासिक, ग्रेड-II सूचीबद्ध 'गेटहाउस पब' को खरीदकर उसे मस्जिद और मदरसे में बदलने का प्रस्ताव रखा। स्थानीय ब्रिटिश निवासियों के एक बड़े वर्ग ने इस पर यह कहते हुए आपत्ति जताई कि शहर में मुसलमानों की संख्या लगभग 4 फीसद है और वहां पहले से जरूरत के मुताबिक मस्जिदें हैं। एक ऐतिहासिक पब को इस्लामी केंद्र में बदलना उनके लिए सांस्कृतिक पहचान खोने जैसा है।
दूसरी ओर, फ्रांस का दूसरा सबसे बड़ा शहर मार्सिले एक अलग बुनियादी ढांचागत चुनौती का सामना कर रहा है, जहां अनुमानित 3 लाख मुसलमान (कुल आबादी का 20% से अधिक) रहते हैं, लेकिन पूरे शहर में केवल 70 आधिकारिक मस्जिदें होने के कारण ईद जैसे त्योहारों पर सैकड़ों लोगों को सड़कों और पार्कों में नमाज पढ़नी पड़ती है, जिसे पूरा करने के लिए स्थानीय मुस्लिम संगठन लाखों यूरो के निजी वित्तपोषण से नए इस्लामी केंद्र बना रहे हैं।
अवैध पूजा स्थलों पर प्रशासनिक क्रैकडाउन और नीतिगत प्रतिबंधों का उदय
यूरोपीय देशों की सरकारों और विधायी संस्थाओं ने बिना लाइसेंस वाले धार्मिक स्थलों और कट्टरपंथ को लेकर अपनी सुरक्षा नीतियों को बेहद कड़ा कर दिया है। दो फरवरी 2026 को ग्रीस के आव्रजन और शरण मंत्री थानोस प्लेवरिस ने एथेंस नगर पालिका क्षेत्र में संचालित सभी अवैध और बिना लाइसेंस वाली मस्जिदों को बंद करने और उनका संचालन करने वाले विदेशी नागरिकों को निर्वासित करने का एक बड़ा अभियान शुरू किया।
इसके तहत एथेंस के एजियोस निकोलाओस क्षेत्र में बिना परमिट के एक अवैध पूजा स्थल चलाने वाले बांग्लादेशी मूल के नागरिक को जेल की सजा सुनाई गई और उसका निवास परमिट रद्द कर तुरंत देश से निर्वासित कर दिया गया। ग्रीक सरकार ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वाले विदेशी नागरिकों को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जिसके कारण पिछले दशक में एथेंस में चल रहे 100 से अधिक ऐसे स्थल अब घटकर लगभग 60 रह गए हैं।
नीतिगत और वैधानिक स्तर पर यह बहस अब यूरोपीय संघ (ईयू) के मुख्य मंचों पर भी गूंज रही है। तीन मार्च 2026 को स्वीडिश यूरोपीय संसद सदस्य (एमईपी) चार्ली वेइमर्स ने ब्रुसेल्स में एक प्रस्ताव पेश किया, जिसमें यूरोपीय संघ के सभी सदस्य देशों में नई मस्जिदों और इस्लामी केंद्रों के निर्माण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई। वेइमर्स ने तर्क दिया कि कुछ इस्लामी संस्थानों का इस्तेमाल कट्टरता फैलाने, चरमपंथियों की भर्ती करने या टेरर फंडिंग के लिए किया गया है। इस कड़े प्रस्ताव को डेनमार्क, एस्टोनिया, जर्मनी और इटली सहित 17 यूरोपीय देशों के 37 प्रमुख राजनेताओं का सीधा समर्थन प्राप्त हुआ है, जो यूरोपीय संघ के भीतर बढ़ते वैचारिक ध्रुवीकरण को दिखाता है।
धार्मिक पहनावों पर प्रतिबंध: इटली और ऑस्ट्रिया के कड़े विधायी कदम
यूरोपीय राष्ट्र अपनी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने और प्रवासियों को मुख्यधारा में शामिल करने के लिए हिजाब, बुर्का और नकाब जैसे धार्मिक प्रतीकों पर कड़े कानूनी प्रतिबंध लागू कर रहे हैं। ऑस्ट्रिया सरकार ने एक सितंबर 2026 से देश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 14 वर्ष से कम आयु की छात्राओं के लिए हिजाब पहनने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया। इस नियम का बार-बार उल्लंघन करने पर माता-पिता या अभिभावकों पर 150 यूरो से लेकर 800 यूरो तक का भारी जुर्माना तय किया गया है और शिक्षकों के लिए यह अनिवार्य किया गया है कि वे इसकी रिपोर्ट प्रशासन को करें।
सरकार का तर्क है कि इस उपाय का उद्देश्य छोटी बच्चियों को संभावित पारिवारिक या सामाजिक दबाव से बचाना है। यहां उल्लेखित है कि ऑस्ट्रिया के संवैधानिक न्यायालय ने इससे पहले 2020 में समानता के आधार पर इसी तरह के प्रतिबंध को रद्द कर दिया था, लेकिन 2026 में इसकी कड़ाई से वापसी हुई है।
ऑस्ट्रिया की तरह ही, दक्षिणी यूरोपीय देश इटली ने भी अपनी सांस्कृतिक पहचान को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है। 20 सितंबर 2026 को इटली की दक्षिणपंथी प्रधान मंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने प्रस्तावित स्कूल और एकीकरण उपायों की घोषणा की, जिसके तहत स्कूलों में बुर्का और नकाब पर पूर्ण प्रतिबंध, प्रति कक्षा विदेशी छात्रों की संख्या की सीमा तय करना, और गंभीर एकीकरण कठिनाइयों का सामना कर रहे प्रवासी परिवारों के लिए इतालवी भाषा व संस्कृति के पाठ अनिवार्य करना शामिल है।
प्रधान मंत्री मेलोनी ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, "यदि प्रवासियों को इटली में रहना है, तो उन्हें अनिवार्य रूप से इतालवी भाषा सीखनी होगी, यहां की संस्कृति को समझना होगा और देश के नियमों का सम्मान करना होगा।" इन उपायों को इतालवी स्कूलों में इस्लामी प्रथाओं की बढ़ती उपस्थिति और प्रवासी एकीकरण के बारे में उपजी चिंताओं के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।
सुरक्षा चुनौतियाँ: समानांतर समाजों का उदय और राजनीतिक आकांक्षाएँ
यूरोप में बढ़ते जनसांख्यिकीय बदलाव और प्रवासियों के 'असफल एकीकरण' ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा एजेंसियों के सामने एक नई चुनौती खड़ी कर दी है। 11 जनवरी 2026 को ब्रसेल्स सिग्नल के हवाले से आईएनएस द्वारा जारी एक व्यापक रिपोर्ट में बेल्जियम, फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड और इटली में नव वर्ष के जश्न के दौरान हुई भीषण हिंसा, आगजनी और पुलिस व दमकलकर्मियों पर हुए हमलों का ब्योरा दिया गया।
रिपोर्ट में सीधे तौर पर कहा गया कि अधिकांश हिंसा उन क्षेत्रों में हुई जहां बड़े पैमाने पर मुस्लिम प्रवासी आबादी निवास करती है और जो यूरोपीय नागरिक मानदंडों से बाहर समानांतर समुदायों के रूप में पले-बढ़े हैं, जिससे तनाव और सांस्कृतिक विखंडन बढ़ रहा है। सार्वजनिक स्वतंत्रता पर इसके प्रभाव का उदाहरण 23 जनवरी 2026 को लंदन में देखा गया, जब स्कॉटलैंड यार्ड ने यूकेआईपी के "वॉक विद जीसस" मार्च को बड़ी मुस्लिम आबादी वाले इलाके व्हाइटचैपल से होकर गुजरने से पूरी तरह रोक दिया और सुरक्षा जोखिमों का हवाला देते हुए उसका मार्ग बदल दिया, जिस पर राजनीतिक दलों ने पुलिस पर इस्लामी तत्वों के दबाव के आगे झुकने का आरोप लगाया।
इस माहौल के बीच, ब्रिटिश राजनीति और इस्लामी संगठनों के भीतर से उठने वाले वैचारिक बयानों ने इस बहस को और हवा दी है। 18 जनवरी 2026 को रिफॉर्म यूके की लंदन मेयर पद की उम्मीदवार लैला कनिंघम ने एक पॉडकास्ट साक्षात्कार में मांग की कि बुर्का पहनने वाली महिलाओं को पुलिस द्वारा 'रोको और तलाशी लो' के दायरे में लाया जाना चाहिए और चेहरा छुपाने को आपराधिक कारण माना जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लंदन के कुछ हिस्से अब पूरी तरह "मुस्लिम शहरों" जैसे लगते हैं, जबकि लंदन में केवल एक ही ब्रिटिश नागरिक संस्कृति होनी चाहिए। दूसरी तरफ, 24 जुलाई 2026 को यूरोप की इस्लामी परिषद की फतवा समिति के अध्यक्ष हैथम अल-हद्दाद ने एक पॉडकास्ट पर खुलकर कहा कि "इस्लाम का लक्ष्य महाशक्ति बनना है।" उन्होंने ऐतिहासिक इस्लामी शक्तियों की भूमिका का उल्लेख करते हुए इसे मुसलमानों के उद्देश्यों में से एक बताया। जिसे कि यूरोपीय विश्लेषकों द्वारा इसे एक स्पष्ट सभ्यतागत और राजनीतिक वर्चस्व की आकांक्षा के रूप में देखा गया है।
विविधता और सुरक्षा के दोराहे पर खड़ा यूरोप
ऐसे में कहना यही है कि साल 2026 की ये तमाम घटनाएं, विधायी प्रस्ताव और आधिकारिक सांख्यिकी रिपोर्टों का यह विस्तृत संकलन साफ तौर पर दिखाता है कि संपूर्ण यूरोपीय महाद्वीप इस समय एक गंभीर सांस्कृतिक, नीतिगत और सुरक्षात्मक दोराहे पर खड़ा है। प्रवासन और उच्च जन्म दर के कारण हो रहा यह जनसांख्यिकीय परिवर्तन मस्जिदों के निर्माण, पुराने सामुदायिक स्थलों के धार्मिक रूपांतरण, सार्वजनिक पहनावों पर प्रतिबंध और समानांतर समाजों की कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों के रूप में जमीन पर दिखाई दे रहा है।
वस्तुत: यही कारण है यहां पर अधिकांश राजनीतिक दल, सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय नागरिक इसे अपनी सुरक्षा, सांस्कृतिक पहचान, ईसाई धरोहर और राष्ट्रीय संप्रभुता के लिए एक सीधी चुनौती मान रहे हैं। अब आने वाले वर्षों में यूरोप का भविष्य इस बात पर निर्भर करेगा कि वहां की सरकारें मानवाधिकारों और धार्मिक स्वतंत्रता के सिद्धांतों की रक्षा करते हुए अपनी ऐतिहासिक पहचान और आंतरिक सुरक्षा के बीच खड़ी तमाम चुनौतियों से किस प्रकार एक तार्किक और व्यावहारिक संतुलन स्थापित कर पाती हैं।