2035 तक दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है इस्लाम, ईसाई धर्म दूसरे स्थान पर पहुंचेगा
प्यू रिसर्च सेंटर का नया अनुमान: 2035 में मुस्लिम आबादी 257 करोड़ और ईसाई आबादी 252 करोड़ होगी; 2070 तक दुनिया की 36% आबादी मुस्लिम होने का अनुमान
By
वीएसके डेस्क
November 19, 2026
समाचार › देश-विशेष
नई दिल्ली। दुनिया के धार्मिक जनसांख्यिकीय परिदृश्य में आने वाले वर्षों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्यू रिसर्च सेंटर की 18 नवंबर 2026 को जारी नई रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2035 तक इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है। इसके साथ ही सदियों से पहले स्थान पर रहे ईसाई धर्म के दूसरे स्थान पर पहुंचने का अनुमान है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2035 में दुनिया की मुस्लिम आबादी बढ़कर करीब 257 करोड़ हो सकती है, जबकि ईसाइयों की संख्या लगभग 252 करोड़ रहने की संभावना है।
प्यू रिसर्च सेंटर ने अपनी रिपोर्ट 'द फ्यूचर ऑफ वर्ल्ड रिलिजन्स : पॉपुलेशन ग्रोथ प्रोजेक्शंस, 2020-2070' में 2070 तक दुनिया के सात प्रमुख धार्मिक समूहों की आबादी का आकलन किया है। इसमें 201 देशों और क्षेत्रों के आंकड़ों को शामिल किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, मुस्लिम आबादी की वृद्धि दर ईसाई आबादी की तुलना में अधिक रहने का अनुमान है।
2070 तक 36% हो जाएगी मुस्लिम आबादी
रिपोर्ट में वर्ष 2070 के लिए भी बड़े बदलाव का अनुमान लगाया गया है। इसके मौजूदा जनसांख्यिकीय रुझान जारी रहने पर दुनिया में मुस्लिम आबादी 364 करोड़ तक पहुंच सकती है। यह वैश्विक आबादी का करीब 35.8 प्रतिशत हिस्सा होगी। वहीं, ईसाई आबादी लगभग 296 करोड़ रहने का अनुमान है, जो दुनिया की कुल आबादी का करीब 29 प्रतिशत होगी।
अन्य धर्मों की हिस्सेदारी में भी बदलाव की संभावना जताई गई है। 2070 तक हिंदुओं की वैश्विक आबादी में हिस्सेदारी लगभग 13.6 प्रतिशत और बौद्धों की हिस्सेदारी करीब 2.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है। रिपोर्ट के मुताबिक, हिंदुओं की संख्या में वृद्धि होगी, लेकिन वैश्विक आबादी में उनका अनुपात घट सकता है। बौद्धों की संख्या और उनकी वैश्विक हिस्सेदारी, दोनों में गिरावट का अनुमान है।
जन्मदर में अंतर सबसे बड़ी वजह
प्यू रिसर्च सेंटर के विश्लेषण में मुस्लिम आबादी की तेज वृद्धि के पीछे सबसे प्रमुख कारण उच्च प्रजनन दर और अपेक्षाकृत युवा आबादी को बताया गया है। वर्ष 2020 से 2025 के दौरान मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर प्रति महिला 3.1 बच्चे रही, जबकि ईसाई महिलाओं में यह आंकड़ा 2.5 बच्चे था। अन्य धर्मों की महिलाओं में औसत प्रजनन दर 1.6 बच्चे प्रति महिला आंकी गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, जन्म और मृत्यु के अंतर से वर्ष 2020 से 2070 के बीच मुस्लिम आबादी में करीब 160 करोड़ की प्राकृतिक वृद्धि होने का अनुमान है। वहीं, ईसाई आबादी में इस अवधि में लगभग 79.2 करोड़ की प्राकृतिक वृद्धि हो सकती है। यही अंतर दोनों समुदायों की जनसंख्या वृद्धि की रफ्तार को प्रभावित करेगा।
धर्म परिवर्तन से भी रहेगा असर
रिपोर्ट में धर्म परिवर्तन के रुझानों का भी आकलन किया गया है। इसके अनुसार, वर्ष 2020 से 2070 के बीच इस्लाम छोड़ने और अपनाने वालों की संख्या के अंतर से मुस्लिम आबादी को करीब 80 लाख का शुद्ध नुकसान हो सकता है। वहीं, ईसाई धर्म में शामिल होने और इसे छोड़ने वालों के अंतर से ईसाई आबादी को लगभग 10.5 करोड़ का शुद्ध नुकसान होने का अनुमान है।
हालांकि,रिपोर्ट स्पष्ट करती है कि इस्लाम की जनसंख्या वृद्धि का मुख्य कारण ईसाई धर्म से लोगों का धर्म परिवर्तन नहीं है। दोनों धर्मों के बीच आने-जाने वालों की अनुमानित संख्या लगभग बराबर है। अध्ययन के अनुसार, 92 लाख मुस्लिम ईसाई धर्म अपना सकते हैं, जबकि करीब 90 लाख ईसाई इस्लाम अपना सकते हैं।
पाकिस्तान और कांगो का भी बदल सकता है स्थान
देशों के स्तर पर भी धार्मिक आबादी के क्रम में बदलाव का अनुमान लगाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार,वर्ष 2070 तक पाकिस्तान इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर दुनिया में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है। पाकिस्तान में मुस्लिम आबादी 2020 के 22.7 करोड़ से बढ़कर 2070 तक 46.1 करोड़ होने का अनुमान है।
इसी तरह, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (DRC) ईसाई आबादी के मामले में अमेरिका को पीछे छोड़ सकता है। वहां ईसाइयों की संख्या 2020 के करीब 9.2 करोड़ से बढ़कर 2070 तक लगभग 29.9 करोड़ होने का अनुमान है।
मौजूदा रुझानों पर आधारित है अध्ययन
प्यू रिसर्च सेंटर ने इस अध्ययन में धार्मिक समूहों की आयु संरचना, प्रजनन दर, मृत्यु दर, प्रवास और धर्म परिवर्तन जैसे कारकों को आधार बनाया है।