इंदौर में संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक शुरू, भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन से शुभारंभ
तीन महापुरुषों की जयंती और बलिदान के शताब्दी वर्ष पर सरकार्यवाह जारी करेंगे वक्तव्य, दिवंगत विभूतियों को दी श्रद्धांजलि
By
वीएसके डेस्क
November 02, 2026
समाचार › देश-विशेष
इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की वार्षिक अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक इंदौर स्थित डेली कॉलेज के संत श्री रविदास सभागार में शुरू हुई। बैठक का शुभारंभ सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया।
बैठक में सरसंघचालक, सरकार्यवाह, सभी सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय पदाधिकारियों के साथ संघ के क्षेत्र एवं प्रांत स्तर के संघचालक, कार्यवाह और प्रचारक शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा संघ प्रेरित विभिन्न संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री भी उपस्थित हैं।
बैठक के प्रारंभ में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने पिछले कुछ महीनों में दिवंगत हुईं समाज की प्रमुख हस्तियों और कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इनमें फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर, गायिका आशा भोंसले, संत पद्मश्री रमेश बाबा, विवेकानंद केंद्र के पूर्व अध्यक्ष बालकृष्णन, बलवीर पुंज, एस. वेदांतम्, पत्रकार विराग पाचपोर, पराग वेदिक, पूर्व कुलपति देवेंद्र प्रताप सिंह और सच्चिदानंद महंती सहित प्रसिद्ध गायिका एस. जानकी एवं सुमन कल्याणपुरीकर के नाम प्रमुख हैं। संघ के वरिष्ठ प्रचारक रहे विनोद कुमार को भी श्रद्धांजलि दी गई।
तीन ऐतिहासिक अवसरों पर जारी होंगे वक्तव्य
बैठक में सरकार्यवाह की ओर से तीन महत्वपूर्ण वक्तव्य जारी किए जाएंगे। पहला वक्तव्य राष्ट्रीय चेतना के पितामह श्री राजनारायण बसु की 200वीं जयंती के अवसर पर होगा। दूसरा वक्तव्य शुद्धिकरण आंदोलन के पुरोधा स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान के 100 वर्ष पूर्ण होने पर जारी किया जाएगा। वहीं तीसरा वक्तव्य ओडिशा के कंधमाल जनजातीय क्षेत्र में स्वाभिमान, स्वावलंबन और स्वधर्म की जागृति के लिए कार्य करने वाले वेदांत केसरी स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की जन्म शताब्दी के अवसर पर होगा।