10.22 करोड़ घरों तक पहुंचे संघ के कार्यकर्ता, देश में 1.03 लाख स्थानों पर प्रत्यक्ष संघ कार्य
शताब्दी वर्ष में 4.93 करोड़ लोगों की सहभागिता से हुए 65 हजार से अधिक हिंदू सम्मेलन; एक साल में 12 हजार से ज्यादा दैनिक शाखाएं बढ़ीं, इंदौर में अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक संपन्न
By
वीएसके डेस्क
November 05, 2026
समाचार › देश-विशेष
इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में देशभर में चलाए गए गृह संपर्क अभियान के तहत संघ के कार्यकर्ताओं ने 10 करोड़ 22 लाख से अधिक घरों तक पहुंचकर परिवारों से संवाद किया। वहीं, देश में अब 1 लाख 3 हजार 397 स्थान प्रत्यक्ष संघ कार्य से जुड़ चुके हैं। संघ की दैनिक शाखाओं की संख्या भी एक साल में 12,025 बढ़कर 99,423 हो गई है। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने बुधवार को इंदौर में अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के समापन पर आयोजित पत्रकार वार्ता में ये आंकड़े साझा किए।
उन्होंने बताया कि बैठक में देशभर से 406 अपेक्षित कार्यकर्ताओं में से 398 उपस्थित रहे। बैठक में शताब्दी वर्ष के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ शाखा विस्तार, पंच परिवर्तन के क्रियान्वयन और समाज के विभिन्न वर्गों तक संघ के विचार पहुंचाने की आगामी योजनाओं पर चर्चा हुई।
10.22 करोड़ घरों तक पहुंचीं कार्यकर्ताओं की टोलियां
शताब्दी वर्ष में विजयादशमी 2025 से विजयादशमी 2026 तक चलाए गए गृह संपर्क अभियान के तहत 4,63,340 गांवों और 41,825 नगरीय बस्तियों में 10,22,05,665 घरों तक संघ की टोलियां पहुंचीं। कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक परिवार के साथ 15 से 20 मिनट बैठकर संघ की सौ वर्षों की यात्रा और उसके विचारों पर चर्चा की।
इसी दौरान देशभर में 65,664 हिंदू सम्मेलनों का आयोजन हुआ। इनमें 4 करोड़ 93 लाख 76 हजार 694 लोगों ने भाग लिया। इनमें सवा दो करोड़ से अधिक मातृशक्ति की सहभागिता रही। ये सम्मेलन 3,08,449 गांवों, 37,080 ग्रामीण मंडलों और 28,584 नगरीय बस्तियों में आयोजित किए गए।
एक साल में 12 हजार से अधिक दैनिक शाखाएं बढ़ीं
संघ के कार्य विस्तार की समीक्षा में सामने आया कि देश के 63,208 स्थानों पर 99,423 दैनिक शाखाएं संचालित हो रही हैं। पिछले एक साल में 12,025 दैनिक शाखाएं और 8,156 नए शाखा स्थान बढ़े हैं। इसके अलावा 26,826 स्थानों पर 34,982 साप्ताहिक मिलन और 13,363 स्थानों पर 14,096 मासिक मंडलियां लग रही हैं। साप्ताहिक मिलन में 2,712 और मासिक मंडलियों में 463 की वृद्धि हुई है।
पिछले वर्ष देश में 93,156 स्थान प्रत्यक्ष संघ कार्य से जुड़े थे। इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 1,03,397 हो गई है। संघ की संगठनात्मक भौगोलिक रचना में भी बदलाव किया गया है। अब देशभर में 46 प्रांतों के स्थान पर 88 संभाग होंगे।
युवा कार्यक्रमों में 38 लाख से अधिक की भागीदारी
शताब्दी वर्ष में युवाओं को जोड़ने के लिए महाविद्यालयीन विद्यार्थियों और युवा व्यवसायियों के बीच विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। 21,237 स्थानों पर विद्यार्थियों के लिए हुए 57,243 कार्यक्रमों में 31.26 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। वहीं, युवा व्यवसायियों के लिए आयोजित 14,285 कार्यक्रमों में 6.90 लाख से अधिक युवा शामिल हुए। दोनों श्रेणियों में कुल 38.17 लाख से अधिक युवाओं की सहभागिता रही।
इसके अलावा 3,207 प्रमुख जन गोष्ठियों में 4,29,262 प्रमुख समाजजन शामिल हुए। सामाजिक सद्भाव के लिए 5,028 ग्रामीण खंडों और 3,318 नगरों में 8,346 बैठकें आयोजित की गईं। इनमें 36,916 मातृशक्ति सहित 3,79,581 समाज प्रमुखों ने भाग लिया।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वयंसेवकों ने चलाए राहत अभियान
बैठक में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान स्वयंसेवकों की ओर से किए गए सेवा कार्यों का भी विवरण प्रस्तुत किया गया। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में बाढ़ के बाद 350 कार्यकर्ताओं ने घर-घर राहत सामग्री पहुंचाई। 6 हजार से अधिक लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई और 5,600 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
लखनऊ में अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों को 300 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भोजन, पानी और दवाइयां पहुंचाईं। असम के शिवसागर और जोरहाट जिलों में 1,600 से अधिक स्वयंसेवकों ने 42,200 परिवारों तक सहायता पहुंचाई। इसके लिए 5 करोड़ रुपए से अधिक की राशि जुटाई गई। वहीं, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में भी स्वयंसेवक राहत कार्यों में जुटे हैं।
नशामुक्ति और पंच परिवर्तन पर बनेगी कार्ययोजना
सरकार्यवाह ने युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे के विरुद्ध सामाजिक चेतना विकसित करने और नशे की गिरफ्त में आए लोगों के पुनर्वास के लिए सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर काम करने की योजना बनाई गई है। बैठक में पंच परिवर्तन के विषयों को समाज के व्यवहार में उतारने और उनके निरंतर क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई।
उन्होंने बताया कि बैठक में राजनारायण बसु की 200वीं जयंती, स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान के 100वें वर्ष और स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती के जन्म के 100वें वर्ष के अवसर पर उनके योगदान का स्मरण किया गया।
सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के अगस्त-सितंबर में तीन देशों के प्रवास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोगों, विश्वविद्यालयों के विद्वानों और धार्मिक संस्थाओं से जुड़े लोगों के साथ संवाद किया गया।
युवाओं की आकांक्षाओं को समझने की जरूरत
पत्रकारों के सवालों के जवाब में होसबाले ने कहा कि नई पीढ़ी के साथ सकारात्मक संवाद होना चाहिए। युवाओं में आने वाले आक्रोश को सही दिशा में लगाने और उनकी आकांक्षाओं को समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता परिवर्तन के लिए चुनाव की व्यवस्था है। अराजकता और अशांति के जरिए ऐसा करना देशहित में नहीं है।
सोशल मीडिया और मोबाइल के बढ़ते उपयोग पर उन्होंने कहा कि परिवार में संस्कार और अनुशासन का वातावरण बनना चाहिए। मोबाइल से दूर रहकर परिवार के सदस्यों को साथ बैठकर सकारात्मक विषयों पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंच परिवर्तन और सामाजिक कार्यों में महिलाओं की सहभागिता लगातार बढ़ रही है। महिलाओं को छोड़कर समाज की कल्पना संभव नहीं है।