जयपुर। गुलाबी नगरी अब अपनी ऐतिहासिक विरासत के साथ आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने जा रही है। जयपुर के कूकस क्षेत्र में देश का पहला स्थायी इमर्सिव इवेंट स्काईडोम तैयार किया जा रहा है। एयर सपोर्टेड मेम्ब्रेन तकनीक से बनने वाली इस अत्याधुनिक संरचना में 360 डिग्री प्रोजेक्शन की सुविधा होगी। इसकी खासियत यह है कि यहां केवल सामने लगी स्क्रीन ही नहीं, बल्कि पूरा डोम ही एक विशाल स्क्रीन के रूप में नजर आएगा। आयोजन की थीम के अनुसार इसकी दीवारों और छत पर अलग-अलग दृश्य प्रदर्शित किए जा सकेंगे।
करीब 60 मीटर व्यास और 21 मीटर ऊंचाई वाले इस स्काईडोम में लगभग 30 हजार वर्ग फीट का इनडोर इवेंट स्पेस होगा। इसमें एक साथ 5 हजार से अधिक मेहमानों की क्षमता होगी। यह जयपुर के कूकस स्थित आईटीसी मेमेंटोस के पास विकसित किया जा रहा है। इसे डेस्टिनेशन वेडिंग, कॉर्पोरेट कार्यक्रम, कॉन्फ्रेंस, लाइव कॉन्सर्ट, सांस्कृतिक आयोजन, प्रदर्शनियों और बड़े समारोहों के लिए तैयार किया जा रहा है।
17 लेजर प्रोजेक्टर से बनेगी आभासी दुनिया
स्काईडोम की सबसे बड़ी खासियत इसकी 360 डिग्री प्रोजेक्शन मैपिंग तकनीक होगी। इसके लिए 17 क्रिस्टी लेजर प्रोजेक्टर लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से डोम की आंतरिक सतह पर एक साथ बड़े आकार के दृश्य प्रदर्शित किए जा सकेंगे। किसी आयोजन की थीम के अनुसार पूरा वातावरण बदला जा सकेगा। मसलन, शादी के आयोजन में डोम को किसी राजमहल या फूलों से सजे वातावरण जैसा रूप दिया जा सकेगा, वहीं कॉन्सर्ट में दर्शकों को अलग-अलग दृश्य अनुभव मिलेंगे। इससे पारंपरिक मंच और स्क्रीन आधारित आयोजनों से अलग अनुभव तैयार होगा।
बिना पिलर और बीम के खड़ी होगी संरचना
इस डोम का निर्माण एयर सपोर्टेड मेम्ब्रेन तकनीक से किया जा रहा है। इसमें पारंपरिक इमारतों की तरह अंदर पिलर और बीम की जरूरत नहीं होती। विशेष मेम्ब्रेन संरचना को अंदर बनाए गए नियंत्रित वायु दबाव के सहारे आकार और स्थिरता दी जाती है। इससे अंदर का पूरा स्थान खुला रहता है और दर्शकों को बिना किसी अवरोध के दृश्य देखने की सुविधा मिलती है। इस तकनीक का उपयोग बड़े आयोजन स्थलों में हल्की और विस्तृत संरचनाएं तैयार करने के लिए किया जाता है।
शादियों से लेकर अंतरराष्ट्रीय आयोजनों तक उपयोग
स्काईडोम को केवल एक आयोजन स्थल के रूप में नहीं, बल्कि आधुनिक अनुभव आधारित कार्यक्रमों के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां डेस्टिनेशन वेडिंग, फैशन शो, कॉर्पोरेट सम्मेलन, ब्रांड लॉन्चिंग, संगीत समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रदर्शनियां आयोजित की जा सकेंगी। इसके बाहर करीब 30 हजार वर्ग फीट का लैंडस्केप्ड लॉन और लगभग 20 हजार वर्ग फीट का बैक-ऑफ-हाउस क्षेत्र भी प्रस्तावित है। इससे बड़े आयोजनों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकेंगी।
वेडिंग और हॉस्पिटैलिटी हब के रूप में मजबूत होगी जयपुर की पहचान
जयपुर पिछले कुछ वर्षों में डेस्टिनेशन वेडिंग, प्री-वेडिंग शूट, कॉन्सर्ट और बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है। शहर के आसपास विकसित हुए लग्जरी होटल और रिसॉर्ट इस पहचान को मजबूती दे रहे हैं। ऐसे में स्काईडोम जैसी आधुनिक संरचना जयपुर के इवेंट और हॉस्पिटैलिटी उद्योग को नई संभावनाएं दे सकती है। इससे शहर में बड़े स्तर के आयोजनों के लिए एक अलग तरह का तकनीकी रूप से सुसज्जित स्थल उपलब्ध होगा।